‘सुभासपा का भाजपा से छत्तीस का आँकड़ा हो गया है, इसीलिए 36 सीट माँग रहे हैं.’ सपा प्रमुख अखिलेश यादव के संबंधित पोस्ट पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने जवाब दिया है. अखिलेश यादव की एक्स पोस्ट पर सुभासपा नेता अरविंद राजभर ने कहा, “अखिलेश यादव जी सुभासपा की कथित फर्जी सीटों की सूची वायरल करने के बजाय अपने गठबंधन और राजनीतिक मर्यादा की चिंता करें.”
अरविंद राजभर ने कहा, “समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी द्वारा सोशल मीडिया पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की कथित 36 विधानसभा सीटों की फर्जी सूची वायरल कर उस पर राजनीतिक टिप्पणी करना उनकी राजनीतिक हताशा को दर्शाता है. किसी राजनीतिक दल की आंतरिक बातचीत और सीटों से जुड़ी चर्चाओं को इस तरह सार्वजनिक करके उसका मजाक उड़ाना राजनीतिक शिष्टाचार और गठबंधन की मर्यादा के अनुरूप नहीं है.”
अखिलेश का दावा भ्रामक और निराधार- सुभासपा
उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव को यह समझना चाहिए कि गठबंधन में सीटों की माँग करना किसी भी राजनीतिक दल का लोकतांत्रिक अधिकार है. 36 सीटों की माँग को एनडीए से बाहर निकलने का बहाना बताना पूरी तरह निराधार और भ्रामक है. सीटों की चर्चा को गठबंधन टूटने की कहानी बनाकर पेश करना उनकी अपनी राजनीतिक व्याख्या हो सकती है, लेकिन इससे सुभासपा की राजनीतिक पहचान और संगठनात्मक ताकत पर कोई फर्क नहीं पड़ता हैं, और न ही एनडीए गठबंधन में किसी प्रकार का विगटन होने की संभावना बनती है, श्री अखिलेश यादव जी आपके द्वारा बनाई जा रही कूट रचित साजिशें कभी सफल नहीं होंगी.
उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव को सुभासपा के राजनीतिक वजूद की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है. सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी किसी राजनीतिक परिवार की विरासत के सहारे नहीं, बल्कि संघर्ष, संगठन और समाज के बीच निरंतर मेहनत के आधार पर अपनी पहचान स्थापित कर रही है. पार्टी का अपना नेतृत्व, अपना चुनाव चिह्न, अपना कार्यकर्ता और अपना सामाजिक आधार है.”
यूपी में मुस्लिम के घर ‘वंदे मातरम्’ लिखा देख भड़का मौलवी, निकाह पढ़ाने से किया इनकार
अरविंद राजभर ने कहा, “अखिलेश यादव को यह भी बताना चाहिए कि जब वे सहयोगी दलों के सम्मान और राजनीतिक भागीदारी की बात करते हैं, तो क्या दूसरे दलों की सीटों से जुड़ी चर्चाओं को फर्जी सूची बनाकर सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करना उचित राजनीतिक व्यवहार है, गठबंधन की राजनीति में सहयोगी दलों का सम्मान करना भी उतना ही जरूरी है जितना राजनीतिक बयानबाजी करना.”
‘गठबंधन में सीटों का अंतिम निर्णय अधिकृत बातचीत और सहमति से’
उन्होंने कहा, “सुभासपा ने हमेशा पिछड़ों, दलितों, वंचितों और शोषितों के अधिकारों तथा सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ी है. हमारी राजनीति किसी के इशारे पर नहीं चलती और न ही किसी के राजनीतिक प्रमाणपत्र की मोहताज है. भाजपा की प्रत्याशियों की सूची और सुभासपा की सीटों की माँग को जोड़कर जिस तरह राजनीतिक अटकलें लगाई जा रही हैं, वह तथ्यों के बजाय भ्रम फैलाने का प्रयास है. गठबंधन में सीटों का अंतिम निर्णय अधिकृत बातचीत और सहमति से होता है, सोशल मीडिया की पोस्ट से नहीं.”
उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव जी, सुभासपा की सीटों की फर्जी सूची वायरल करने से सुभासपा कमजोर नहीं होगी. आप हमारी सीटों का हिसाब लगाने के बजाय अपने राजनीतिक गठबंधन, अपने सहयोगियों और उनके सम्मान का हिसाब रखिए. सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी अपने सम्मान, संगठन और सामाजिक न्याय के एजेंडे के साथ मजबूती से आगे बढ़ती रहेगी. हमें किसी के राजनीतिक प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं है.”
अखिलेश ने सोशल मीडिया पोस्ट पर क्या किया दावा?
दरअसल, समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने एक्स पर एक लिस्ट पोस्ट कर दावा किया कि, “सुभासपा का भाजपा से छत्तीस का आँकड़ा हो गया है, इसीलिए 36 सीट माँग रहे हैं. ये लिस्ट नहीं है हारते हुए ‘NDA’ गिरोह से बाहर निकलने का बहाना है क्योंकि आधारशून्य हो चुकी सुभासपा को अगर भाजपा 36 सीटें देने पर मजबूर हुई तो बाक़ी दल और बी-पी टीम भी उसी हिसाब से सीटें माँगेंगी… फिर तो भाजपा के पास लड़ने के लिए लगभग आधी सीटें ही बचेंगी शायद इसीलिए भाजपा के केवल 209 प्रत्याशियों की सूची आई है.”
लखनऊ में PM मोदी के दौरे को लेकर ट्रैफिक अलर्ट, 10 घंटे रहेगा डायवर्जन
