देश का सबसे बड़ा सरकारी बैंक SBI यानी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया अपने कस्टमर्स की जरूरतों और परेशानी का अच्छी तरह से ख्याल रखता है. बैंक की तरफ से समय- समय पर कस्टमर्स के लिए अलर्ट मैसेज आते रहते हैं. इसी तरह हाल ही में बैंक ने पेंशनर्स के लिए एक चेतावनी जारी की है. जिसमें कहा गया है कि तमाम पेंशनर्स को इस समय PPO स्कैम से बचने की जरूरत है.

SBI ने अपने ऑफिशियल X (पहले ट्विटर) अकाउंट के जरिए ये चेतावनी लोगों दी है. जिसमें ये भी बताया गया है कि साइबर सुरक्षा के लिए बैंक की तरफ से भी कई तरह की योजनाएं चलाई जा रही हैं.

पेंशनर्स को किया अलर्ट
SBI ने अपने ऑफिशियल X (पहले ट्विटर) अकाउंट के जरिए एक पोस्ट शेयर की है. इस पोस्ट में एक वीडियो है जिसमें पीपीओ वेरिफिकेशन मैसेज के बारे में बताकर अलर्ट किया गया है. इस वीडियो के साथ कैप्शन में PPO स्कैम और कैप्टन Y का जिक्र किया है. इसके साथ लिखा, ‘साइबर ठग, पेंशन अधिकारियों का रूप धरकर, संदिग्ध लिंक वाले फर्जी मैसेज भेज सकते हैं. वो लोगों से पेंशन पेमेंट ऑर्डर (PPO) अपडेट करने के बहाने उनकी निजी जानकारी शेयर करने के लिए कहते हैं.’

आगे लोगों को इसके बारे में सचेत करते हुए लिखा गया है, ‘लेकिन चिंता न करें! SBI की ओर से आपका ‘साइबर रक्षक’ – कैप्टन Y – आपकी मदद के लिए मौजूद है और आपको याद दिलाता है: कभी भी किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी के साथ अपनी निजी जानकारी शेयर करें. कोई भी कदम उठाने से पहले, हमेशा पूछें ‘क्यों?’ सतर्क रहें। सुरक्षित रहें!’

क्या है PPO
पीपीओ का पूरा नाम पेंशन पेमेंट ऑर्डर है, ये पेंशनर्स को रिटायरमेंट के बाद जारी किया जाने वाला आदेश है. ये वैसे तो दस्तावेज के रूप में मिलता है. ये पेंशनभोगियों के लिए एक विशिष्ट संदर्भ नंबर की तरह काम करता है. इसी को लेकर इन दिनों कई पेंशनर्स को फेक मैसेज भेजे जा रहे हैं. जिसके लिए SBI ने अपने कस्टमर्स को अलर्ट किया है.

ये भी पढ़ें: शादियों पर 22 दिन में 6 लाख करोड़ खर्च करेंगे भारतीय, खूब लुटाया जाएगा पैसा