उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने महिला मतदाताओं को साधने के लिए शनिवार से बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है. बीजेपी प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर महिला प्रवासी कार्यकर्ताओं के जरिए वोट बैंक मजबूत करेगी. कार्यकर्ता अपने निर्धारित क्षेत्रों में पहुंचकर संगठन को मजबूत करने के साथ महिला वोटरों के बीच पार्टी की पैठ बढ़ाने का काम करेंगी. चुनाव तक इनका संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास रहेगा.

बीजेपी ने इस अभियान के लिए महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, झारखंड और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों से महिला कार्यकर्ताओं को एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित कर ट्रेनिंग दी गई है. इन राज्यों में यूपी के लोगों की अच्छी आबादी है.

संजय निरुपम का राहुल गांधी पर हमला, बोले- ‘कांग्रेस को पाकिस्तान से प्रेम’

क्या है पार्टी की रणनीति?

पार्टी की रणनीति है कि दूसरे राज्यों से आने वाली महिला कार्यकर्ता स्थानीय महिलाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें संगठन और सरकार की योजनाओं से जोड़ें. इस अभियान को लेकर लखनऊ के विश्वेश्वरैया भवन में महिला प्रवासियों की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई. इसमें कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति, प्रवास के दौरान उनकी जिम्मेदारियों और संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी गई. कार्यशाला में प्रदेश पदाधिकारियों, राष्ट्रीय कार्यसमिति की सदस्यों, विधायकों और महिला मोर्चा के अन्य नेताओं ने हिस्सा लिया.

एक सप्ताह में नौ बिंदुओं पर होगा काम

महिला प्रवासियों को एक सप्ताह के कार्यक्रम के तहत नौ बिंदुओं पर फोकस करना होगा. इसमें बूथ स्तर पर पांच लाभार्थी बहनों का सम्मान, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के साथ संवाद, बूथ बैठकें और प्रबुद्धजनों से मुलाकात जैसे कार्यक्रम शामिल हैं. महिला कार्यकर्ता अपने आवंटित क्षेत्रों में प्रवास कर स्थानीय संगठन के साथ समन्वय बनाएंगी और महिला मतदाताओं से सीधा संपर्क करेंगी.

महिला वोटरों को जोड़ने की रणनीति

बीजेपी का यह अभियान मिशन-2027 से पहले महिला मतदाताओं के बीच संगठन की सक्रियता बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा है. पार्टी का जोर उन महिलाओं तक पहुंचने पर है, जो केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की लाभार्थी हैं. बूथ स्तर पर संपर्क और संवाद के जरिए बीजेपी महिला वोटरों के बीच अपना समर्थन मजबूत करना चाहती है.