राजस्थान में विधानसभा चुनावों का सेमीफाइनल माने जा रहे पंचायत चुनावों के वोटों की गिनती कल शुक्रवार को होगी. दोपहर तक सभी सीटों के नतीजे घोषित हो जाने की उम्मीद है. इस चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कांटे का मुकाबला होने की उम्मीद जताई जा रही है.
दोनों ही पार्टियां इस चुनाव में बड़ी जीत का दावा कर रही है. चुनाव के नतीजे भजनलाल शर्मा सरकार के 3 साल के कामकाज की कसौटी पर भी परखे जाएंगे. चार जिलों में काउंटिंग स्थगित किए जाने के बाद शुक्रवार को अब सिर्फ 37 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समितियों के सदस्यों के पदों पर वोटों की गिनती होगी.
सुबह आठ बजे से शुरू हो जाएगी वोटों की गिनती
शुक्रवार सुबह आठ बजे से 37 जिलों के 1275 जिला परिषद सदस्यों और 419 पंचायत समितियों के 7543 वार्डों के लिए वोटों की गिनती होगी. सबसे पहले पोस्टल बैलट के वोट गिने जाएंगे और उसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में पड़े वोटों की गिनती होगी. चुने हुए जिला परिषद सदस्य जिला परिषद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को चुनेंगे, जबकि पंचायत समितियों के पार्षद ब्लाकों में प्रधान और उप प्रधान का चुनाव करेंगे.
इस चुनाव में भजन लाल शर्मा सरकार के कई मंत्रियों के साथ ही पक्ष और विपक्ष के तमाम बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा भी दांव पर है. कई बड़े नेताओं के परिवारों के सदस्य चुनाव मैदान में है. बीजेपी और कांग्रेस दोनों ने ही ज्यादातर जगहों पर अपने प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी कर रखी है.
कांग्रेस पार्टी ने किया ये दावा
कांग्रेस पार्टी का दावा है कि हमने नगर निकाय चुनाव में बीजेपी को लगभग बराबरी पर लाकर छोड़ा था, लेकिन इस चुनाव में उसे बुरी तरह हराएंगे. राजस्थान कांग्रेस के मीडिया कॉर्डिनेटर और महासचिव स्वर्णिम चतुर्वेदी का आरोप है कि बीजेपी सरकारी तंत्र का दुरुपयोग करते हुए काउंटिंग में गड़बड़ी करा सकती है.
पार्टी ने इसके लिए वार रूम बनाया हुआ है. बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का कहना है कि नगर निकाय चुनाव की तरह पार्टी इस चुनाव में भी बड़ी जीत दर्ज करेगी और ज्यादातर जिलों में उसका ही बोर्ड बनेगा. हालांकि 24 घंटे बाद यह साफ हो जाएगा कि किसके दावों में कितना दम है.
राजस्थान: IAS शिखर अग्रवाल पर ACB का शिकंजा, परिवार को सस्ते में दिलाए करोड़ों के विला!
