मदर डेयरी और अमूल के बाद अब गोकुल मिल्क ने भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है. गोकुल डेयरी ने भैंस के दूध की कीमत में 6 रुपये प्रति लीटर और गाय के दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया है. दूध की नई कीमतें शनिवार, 21 नवंबर 2026 से लागू हो जाएंगी.

ये फैसला डेयरी यूनियन के संचालक मंडल की बैठक में किया गया है. बताया जा रहा है कि दूध वितरकों और प्रशासन की ओर से कीमतें बढ़ाने की मांग की जा रही थी. अब इस फैसले से आम जनता की जेब पर एक बार फिर से महंगाई का बोझ बढ़ जाएगा.

भैंस के दूध की कीमत ज्यादा बढ़ी
इस बार भैंस के दूध की कीमतों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी की गई है. डेयरी ने भैंस के दूध की कीमत 6 रुपये प्रति लीटर बढ़ाई है, जबकि किसानों से खरीदे जाने वाले दूध का दाम 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ाया गया है. तो वहीं, गाय के दूध की बिक्री और खरीदी दोनों की कीमतों में 2-2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है.

क्यों बढ़े दूध के दाम?
खबरों की मानें तो गोकुल डेयरी को करीब 70 करोड़ रुपये के आर्थिक घाटे का सामना करना पड़ रहा है. इसी घाटे को कम करने के लिए दूध की बिक्री कीमत बढ़ाने का फैसला लिया गया है. डेयरी के नए नेतृत्व के आने के बाद ये एक बड़ा फैसला माना जा रहा है. साथ ही, डेयरी ने जनवरी में एक बार फिर दूध के दाम बढ़ाने की संभावना से इनकार नहीं किया है. हालांकि, जनवरी में कीमतें बढ़ेंगी या नहीं, ये फिलहाल नहीं कहा जा सकता है.

अन्य ब्रांड्स ने भी बढ़ाए दाम
बता दें कि इस साल में महज छह महीनों में ही दूध की कीमतों में दो बार इजाफा ह चुका है. पहली बढ़ोतरी मई के महीने में हुई थी. तो वहीं दूसरी बाक नवंबर 2026 में दूध के दाम बढ़ाए गए थे. वैसे देखा जाए तो सर्दियों का मौसम डेयरी इंडस्ट्री के लिए फ्लश सीजन होता है, जिसमें इन्हें घाटा कम और मुनाफा ज्यादा होता है. ऐसे में दूध की कीमतों में सर्दियों के मौसम में बढ़ोतरी हैरान कर रही है.

ये भी पढ़ें: अब देश के पेट्रोल पंपों पर आफत! पेट्रोलियम मंत्री से मिले डीलर्स, क्या हुई बात?