महाराष्ट्र में शिवसेना एकनाथ शिंदे गुट की महिला नेता शायना एनसी द्वारा बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ने के दावे पर डिप्टी सीएम और पार्टी प्रमुख एकनाथ शिंदे की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है. एकनाथ शिंदे ने कहा कि बालासाहेब का अपमान शायना एनसी हों या कोई और, कोई भी शिवसैनिक कभी नहीं कर सकता है.
दरअसल शिवसेना की नेता शायना एनसी पर आरोप लगा कि उन्होंने बालासाहेब ठाकरे और मणिशंकर अय्यर की तस्वीर फाड़ दी. इस घटना के बाद उद्धव ठाकरे गुट के शिवसैनिकों ने नाराजगी जताते हुए इसका विरोध किया. बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़े जाने के मामले को शिवसेना नेता और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी गंभीरता से लिया और शायना एनसी को तुरंत तलब किया. अब इस पूरे मामले पर उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया दी है. साथ ही स्पष्ट किया कि बालासाहेब की तस्वीर नहीं फाड़ी गई थी.
वीर सावरकर का अपमान किया गया- एकनाथ शिंदे
एकनाथ शिंदे ने कहा, ”सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ़ लव’ में स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर का अपमान किया गया है, इसलिए इस किताब का जितना विरोध किया जाए, उतना कम है, राहुल गांधी ने भी सावरकर का अपमान किया है. उन्होंने जानबूझकर उनका अपमान किया है. बार-बार सावरकर का अपमान करने वालों के साथ जो लोग खुद को हिंदुत्ववादी कहते हैं, वे आखिर कैसे बैठ सकते हैं? उस किताब के दो पन्नों में स्वतंत्रता सेनानी सावरकर के खिलाफ बातें लिखी गई हैं. इस पर ये लोग एक शब्द भी नहीं बोलते, इसका विरोध नहीं करते. उल्टा उनके साथ गले मिलकर बैठते हैं. हम इसका विरोध करते हैं.
एकनाथ शिंदे का उद्धव ठाकरे पर निशाना
एकनाथ शिंदे ने शिवसेना प्रवक्ताओं की ओर से किताब के पन्ने फाड़े जाने का समर्थन करते हुए बिना नाम लिए उद्धव ठाकरे पर निशाना साधा. शिंदे ने आगे कहा कि स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर ने इस देश के लिए जो किया है, वह सभी जानते हैं. ऐसे में उनका बार-बार अपमान करना क्या बौद्धिक दिवालियापन नहीं है? जनता ने इन लोगों को तीन बार खारिज किया है. हम बालासाहेब ठाकरे के विचारों को लेकर आगे बढ़ रहे हैं।
बालासाहेब की तस्वीर फाड़ने पर शिंदे ने दी सफाई
एकनाथ शिंदे ने कहा, “बालासाहेब हमारे आराध्य देव हैं. कोई भी शिवसैनिक बालासाहेब का अपमान नहीं कर सकता. शायना एनसी ने तस्वीर फाड़ने के मामले में अपना स्पष्टीकरण दिया है.” उन्होंने कहा, “उस तस्वीर में बालासाहेब मणिशंकर अय्यर को जूते मारते हुए दिखाई दे रहे हैं. शायना एनसी ने मणिशंकर अय्यर की तस्वीर फाड़ी थी. उन्होंने उसका चेहरा फाड़ा था. यह मुझे शायना एनसी ने दिखाया. शायना एनसी हों या कोई और, कोई भी शिवसैनिक कभी ऐसा नहीं कर सकता क्योंकि बालासाहेब हमारे आराध्य देव हैं. हम उनकी विचारधारा को लेकर आगे बढ़ रहे हैं.”
उन्होंने उद्धव ठाकरे गुट पर निशाना साधते हुए कहा कि झूठे आरोप लगाकर हमें बदनाम करने का काम किया जा रहा है. अब उनके पास कुछ नहीं बचा है. जनता ने उन्हें घर का रास्ता दिखा दिया है.
रोहित के ‘मफलर मैन’ विवाद से NCP ने बनाई दूरी, सुप्रिया सुले बोलीं- जानकारी नहीं
